एनडीआरएफ टीम कर रही तलाश
मऊ, चित्रकूट: वैवाहिक समारोह में बहन की ससुराल आया युवक यमुना नदी में डूब गया। स्थानीय मल्लाहों द्वारा प्रयास के बावजूद युवक को नहीं ढूंढा जा सका। जिसके बाद प्रशासन ने एन.डी.आर.एफ. को बुलाकर युवक को ढूंढने का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अुनसार मध्य प्रदेश के रीवा जिले के अतरैला थाने के पटेहरा गांव के निवासी आशीष केशरवानी (24) पुत्र कृष्ण प्रसाद की बड़ी बहन पिंकी की शादी मऊ कस्बे में द्वारिका प्रसाद पुत्र अमृतलाल के साथ हुई थी। आशीष अपनी बहन पिंकी के घर में होने वाले वैवाहिक समारोह में शािमल होने के लिए मऊ आया था। रविवार को सबेरे वह यमुना तट पर नहाने गया और वहां नहाने के दौरान गहराई वाले स्थान पर जाने के कारण पानी में डूब गया। इसकी खबर मिलते की परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर मऊ उपजिलाधिकारी राकेश कुमार पाठक, थाना प्रभारी अजीत कुमार पाण्डेय भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद स्थानीय मल्लाहों ने कई घंटों तक युवक को यमुना नदी में खोजने का प्रयास किया, किंतु कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने एन.डी.आर.एफ. टीम को मौके पर बुलाया और पानी में डूबे युवक की तलाश करने के निर्देश दिए है।