मतदाता जागरूकता अभियान के तहत महिला कार्मिकों द्वारा निकाली गई जनपद स्तरीय स्कूटी रैली

Share

जिला प्रशासन का पूरा प्रयास, महिला मतदाता शत प्रतिशत करें मतदान
जनपद की लगभग 8 लाख महिला मतदाता निभाएंगी चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका
स्कूटी रैली में सम्मिलित लोगों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान हेतु दिलाई शपथ।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत निर्वाचन क्षेत्र घोसी में मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। अधिसूचना जारी होने के उपरांत से ही प्रतिदिन मतदाता जागरूकता अभियान विभिन्न विभागों, स्कूल, कॉलेज आदि द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 29 मई,2024 को जिला प्रशासन ने समस्त विभागों में कार्यरत महिला कर्मियों द्वारा स्कूटी रैली निकालकर लोगों को मतदान हेतु प्रेरित किया। यह स्कूटी रैली कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुई जिसे जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर द्वारा खुली जीप में आगे रहते हुए किया गया। यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ तिराहा, सीएमओ ऑफिस, भीटी चौराहा होते हुए गाजीपुर तिराहे पर समाप्त हुई। रैली के समापन पर जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक श्री इलामारन जी, मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर की उपस्थिति में रैली में सम्मिलित समस्त कार्मिकों सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान हेतु शपथ दिलाई। निर्वाचन क्षेत्र घोसी में जनपद की लगभग 8 लाख महिला मतदाता हैं। पूर्व के चुनाव में भी महिला मतदाताओं का प्रतिशत ज्यादा रहा है। जिला प्रशासन का पूरा प्रयास है, ऐसे परिवार जहां पर पुरुष बाहर कार्य करते हैं उनका शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हो। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं आशा भी इन महिलाओं को वोट डालने हेतु प्रेरित कर रही हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन ने स्कूलों में अध्ययनरत छात्राओं की अलग से बुलावा टोली भी बनाई है, जो महिलाओं को मतदान के दिन बूथ तक ले जाने का कार्य करेंगी। अधिकांश महिलाओं का मानना है कि उनके सम्मान, सुरक्षा एवं समानता हेतु राजनीति में उनकी भागीदारी आवश्यक है, जिसकी शुरुआत वह मतदान करके कर सकती हैं। इसके अलावा उनके सशक्तशील वर्ग होने से राजनीतिक पार्टिया भी उनकी उपेक्षा नहीं कर पाएंगी। महिला मतदाताओं के मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु प्रत्येक विधानसभा में दो-दो महिला मॉडल बूथ बनाए गए हैं, जहां पर पोलिंग पार्टियों में समस्त महिला कर्मी ही रहेगी। इसके पूर्व भी जिला प्रशासन महिलाओं की समस्याओं को रेखांकित करते हुए ग्राम, ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुका है। तेजाब पीड़ित महिलाओं द्वारा भी पृथक से महिलाओं की समस्याओं पर ध्यान आकर्षण करते हुए जनपद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम कर महिलाओं को मतदान में भाग लेने हेतु प्रेरित किया जा चुका है। इस स्कूटी रैली में लगभग 500 महिला कर्मियों ने भाग लिया, जिसमे सर्वाधिक संख्या बेसिक शिक्षा विभाग से थी। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा, जिला कार्यक्रम विभाग, पंचायती राज विभाग, पुलिस विभाग एवं होमगार्ड विभाग की महिला कर्मियों ने अपनी स्कूटी के साथ इस जनपद स्तरीय स्कूटी रैली में प्रतिभाग किया।
     इस दौरान बड़ी संख्या में संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *