चित्रकूट: जिला मुख्यालय के एसडीएम कालोनी में चल रही श्रीमद्भागवत के पाँचवे दिन प्रयागराज से पधारे कथा प्रवक्ता आचार्य बालकृष्ण भार्गव महाराज ने भगवान की बाल लीलाओं का सुन्दर चित्रण किया।
कथा के माध्यम से कथा वाचक ने भक्तों को बताया कि श्रीमद्भागवत कथा कल्पवृक्ष है। इसमे से जो जिसके योग्य है वह अपने लिए उस स्तर का ज्ञान ले सकता है। जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने कालीया नाग का उद्धार करके यमुना को स्वच्छ किया। कहने का तात्पर्य आज की सबसे बडी समस्या है जल का अभाव। भगवान ने जल संरक्षण का संदेश दिया। आजकल जल स्तर दिनोदिन इतना नीचे जा रहा है कि आगे आने वाली पीढी पानी के लिए तरसेगी। फलो में एक असुर धेनुकासुर का उद्धार करके वन संरक्षण का संदेश दिया। तृणावर्त रूपी असुर का संघार करके भगवान ने वायु को स्वच्छ किया। गोवर्धन पर्वत को उठाकर भगवान ने पर्वतों का संरक्षण किया, जो आजकल अत्यधिक खनन के कारण लुप्त हो रहे हैं। हमारे जीवन के महत्वपूर्ण तत्व भूमि, जल, वायु, आकाश और अग्नि इनके बिना मानव जीवन संभव नही है, परन्तु यह मानव अपने निजी सुख की तलाश में इन पांचों तत्वों को दूषित कर दिया। जिससे आने वाली पीढिया संकट में रहेंगी।
इस मौके पर आयोजक अशोक कुमार पांडेय, प्रदीप शुक्ला नेता, वेदप्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।